गोरखपुर: बाबा धाम से लौटे कांवड़िए की मौत, शव पहुंचते ही मचा कोहराम — 4 घंटे तक चक्का जाम
गोरखपुर में बाबा धाम से कांवड़ यात्रा कर लौट रहे एक कांवड़िए की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। जैसे ही मृतक का शव उसके घर पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
मृतक की पत्नी, जो करीब 5 माह की गर्भवती बताई जा रही है, पति की मौत की खबर सुनते ही बेसुध हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच तथा मुआवजे की मांग की। गुस्साए लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे करीब 4 घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली समझाइश और वार्ता के बाद अधिकारियों ने उचित जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो सका।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और कांवड़िए की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Post a Comment